
दल्ली राजहरा। छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नगर पालिका दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने नगर में बायपास सड़क की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। इस सड़क निर्माण से नगर वासियों को लगातार भारी वाहनों के आवाजाही से होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी ।बस्तर से दल्ली राजहरा होकर गुजरने वाली सैकड़ो हैवी 10 व 16 चक्के वाली वाहनों से होने वाले प्रतिदिन के जाम से नगर को अब राहत मिलने के आसार दिखाई दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दल्ली राजहरा बाईपास मार्ग की स्वीकृति हेतु अधिकृत दस्तावेज का लोक निर्माण विभाग के सचिव द्वारा अवलोकन किया गया है। जल्द ही मंत्रालय से स्वीकृति मिलने की पूर्ण संभावना अब दिखाई दे रही है।दल्ली राजहरा में लगातार विगत कई वर्षों से गुजरने वाले भारी वाहनों के प्रवेश व प्रतिदिन के जाम से स्थानीय व आसपास की जनता परेशान है जिसे ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025, 26 में दल्ली राजहरा बाईपास के लिए 17 किलोमीटर दूरी तक बाईपास सड़क का प्रावधान किया गया है।कुल 81 करोड़ की लागत से बनने वाले इस सड़क में 10% बीएसपी की भूमि ,7% वन भूमि व 10% भू अर्जन का क्षेत्र समाहित है। छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग इस बाईपास सड़क बनाने के लिए अपनी प्रारंभिक तेज कर ली है। दल्ली राजहरा और गोटूल मुंडा के बीच मुख्य मार्ग के समीप ग्राम चिखली जाने वाले मुख्य सड़क को बाईपास सड़क के रूप में चिन्हित किया गया है जो अब चिखली जमरूआ साल्हे होते हुए ग्राम गुजरा के समीप दल्ली बालोद मुख्य मार्ग पर निकलेगी जिसकी दूरी कुल 17 किलोमीटर की है।इस संबंध में लगातार प्रयास रत नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से निवेदन करते हुए नगर के प्रमुख मांगों से उन्हें अवगत कराया गया है।नगर के आम जनता की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखकर शासन स्तर पर लगातार बाईपास सड़क को जल्द शुरू करने की दिशा में प्रयास व पहल किया जा रहा है जिसके तहत लोक निर्माण विभाग बालोद जिला से बाईपास सड़क संबंधित सभी अधिकृत दस्तावेज पूर्ण कर दुर्ग संभाग स्तर पर भेजा गया था जहां अधीक्षण अभियंता दस्तावेजों का अवलोकन कर छत्तीसगढ़ शासन को भेजा गया है उन्होंने कहा कि इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव से लगातार कई दौर की बातचीत हो गई है इसमें आने वाली कई प्रकार की व्यवधानों व अड़चनों को दूर कर लिया गया है। जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक बातें निकल कर आएंगी। और दल्ली राजहरा में होने वाले दुर्घटनाओं से नगर वासियों को निजात मिलेगी। साथ ही बड़ी-बड़ी गाड़ियों से उड़ने वाले धूल और प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी।




